ब्लॉग

You may not know these 50 interesting facts related to India-Pakistan partition

भारत-पाकिस्तान विभाजन से जुड़े इन 50 रोचक तथ्यों को नहीं जानते होंगे आप

एक लम्बे गौरवपूर्ण संघर्ष के बाद भारत को आजादी मिली थी और इससे करोड़ों लोगों का सपना पूरा हुआ था। परन्तु उसके साथ ही एक खूनी त्रासद विभाजन ने हमारे स्वतंत्र राष्ट्र के ताने-बाने को छिन्न-भिन्न कर दिया। परिणामस्वरूप भारत से अलग होकर पाकिस्तान नामक एक नए राष्ट्र का जन्म हुआ। इस स्टोरी में हम आपको भारत विभाजन से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों से अवगत कराएंगे।

1-ब्रिटिश प्रधानमंत्री क्लेमेंट एटली ने 20 फरवरी 1947 को हाउस आफ कॉमन्स में बयान जारी किया कि ब्रिटेन जून 1948 तक भारत छोड़ देगा और लॉर्ड माउंटबेटन वायसराय का पद संभालेंगे।

2- भारत के अन्तिम ब्रिटिश वायसराय एवं स्वतंत्र भारत के प्रथम गवर्नर जनरल लार्ड माउण्टबेटन ने 24 मार्च 1947 को अपने पद की शपथ ली।

3- 15 अप्रैल 1947 को महात्मा गांधी और मुहम्मद अली जिन्ना ने मिलकर आम लोगों से हिंसा और अव्यवस्था से दूर रहने की अपील की।

4- 3 जून 1947 की घोषणा में भारत के वायसराय लॉर्ड माउन्टबेटन ने भारत विभाजन की योजना प्रकाशित कर दी।

5- माउण्टबेटन योजना जनसाधारण के शब्दों में मन-बाटन योजना के नाम से प्रसिद्ध है।

6- माउंटबेटन प्लान को 'डिकी बर्ड प्लान' के तौर पर भी जाना जाता है।

7- 3 जून 1947 को ही पं.नेहरू, जिन्ना और सिख समुदाय के प्रतिनिधि बलदेव सिंह ने ऑल इंडिया रेडियो के प्रसारण में माउन्टबेटन योजना की जानकारी दी।

8- आठ जुलाई 1947 को ब्रिटिश संसद में भारतीय स्वतंत्रता अधिनियम पारित किया गया जिसके मुताबिक 15 अगस्त 1947 से भारत को दो स्वतंत्र देशों भारत और पाकिस्तान में बांट दिया गया।

9- पाकिस्तान ने 14 अगस्त को अपना स्वतंत्रता दिवस मनाया और भारत ने 15 अगस्त को ताकि ब्रिटिश वाइसराय लॉर्ड माउण्टबेटन, करांची और नई दिल्ली दोनों जगह की रस्मों में हिस्सा ले सके।

10- भारत और पाकिस्तान के बीच की सीमा रेखा खींचने की जिम्मेदारी सर सिरिल रैडक्लिफ को दी गई जो इससे पूर्व कभी भारत नहीं आए थे।

11- भारत-पाकिस्तान की सीमाओं का निर्धारण आजादी से दो दिन बाद यानी 17 अगस्त, 1947 को हुआ था जिसे रेडक्लिफ लाइन कहा जाता है। देश बंटवारे के लिए सर सीरिल रेडक्लिफ को महज पांच हफ्ते का समय दिया गया था।

12- सर सीरिल रेडक्लिफ को 8 करोड़ 80 लाख लोगों के रहने के लिए साढ़े चार लाख वर्ग किलोमीटर क्षेत्र का न्यायोचित ढंग से बंटवारा करना था।

13- रेडक्लिफ ने हिन्दू बाहुल्य लाहौर इलाका पाकिस्तान को दे दिया। इसके अतिरिक्त हिंदू और बौद्ध जनजातीय बहुल चिटगांव पहाड़ियों को भी पाकिस्तानी (अब बांग्लादेश)​हिस्से में दिया।

14- हिंदुस्तान के नक्शे पर बंटवारे की लकीर खींची जा चुकी थी, बावजूद इसके फिरोजपुर जिला और जार तहसील जो पाकिस्तान के हिस्से में आ चुके थे, ऐन वक्त पर भारत को देना पड़ा था।

15- विभाजन के बाद सर रेडक्लिफ ने बंटवारे से जुड़े सारे दस्तावेज नष्ट कर दिए।

16- बंटवारे के बाद सर रेडक्लिफ कभी भारत नहीं लौटे और उनका निधन 1 अप्रैल 1977 को हुआ।

17- भारत के विभाजन से पहले देश में कुल 17 प्रान्त थे।

18- स्वतंत्रता के समय भारत में 565 छोटी-बड़ी रियासतें थीं जिनका विलय भारत के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल ने करवाया।

19- 15 अगस्त 1947 तक जम्मू कश्मीर, जूनागढ़ व हैदराबाद जैसे कुछ अपवादों को छोड़कर सभी रियासतों ने भारत के साथ विलय पत्र पर हस्ताक्षर कर दिए थे।

20- विभाजन के वक्त गोवा पर पुर्तगालियों और पांडिचेरी पर फ्रांसीसियों का अधिकार था।

21- आज़ादी के वक़्त भारत की आबादी क़रीब चालीस करोड़ थी, जिसमें एक चौथाई आबादी मुसलमानों की थी।

22- देश बंटवारे के दौरान तकरीबन तकरीबन एक करोड़ 46 लाख लोगों को अपना घरबार छोड़ना पड़ा और 5 से 10 लाख लोग साम्प्रदायिक हिंसा में मारे गए।

23-रावलपिंडी, मुल्तान, करांची, लाहौर और अविभाजित पंजाब आतताइयों का अड्डा बना हुआ था, सबसे ज्यादा हत्याएं इन्हीं शहरों में हुईं।

24- भारत और पाकिस्तान के बीच विस्थापित होने वाले लगभग 1 करोड़ 46 लाख लोगों में से अधिकतर ट्रेनों, वाहनों, बैलगाड़ियों या फिर पैदल ही गए थे। जबकि पचास हज़ार से भी कम लोगों को विमानों के ज़रिये निकाला गया था।

25- 1947 में भारत में 115 नागरिक विमान थे जिनमें अधिकांश डैकोटा विमान थे। इन विमानों की क्षमता 21 यात्रियों की थी लेकिन ये अक्सर पांच गुणा तक अधिक लोगों के साथ उड़ान भरते थे।

26- भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौरान सबसे दयनीय स्थिति महिलाओं की रही। भारत सरकार के दावे के मुताबिक, 55,000 हिंदू और सिख महिलाओं का अपहरण किया गया था। वहीं पाकिस्तानी सरकार ने दावा किया कि दंगों के दौरान 12,000 मुस्लिम महिलाओं का अपहरण किया गया था। एक अनुमान के मुताबिक, 80000 महिलाओं का अपहरण हुआ था।

27- देश बंटवारे के समय दिल्ली के किंग्ज्वे कैम्प में सबसे ज्यादा तीन लाख लोगों ने शरण ली थी।

28- पाकिस्तान की पहली राजधानी कराची में उस वक्त हिन्दुओं की आबादी 46 फीसदी से ज्यादा थी। लिहाजा बंटवारे के बाद बड़ी संख्या में हिन्दुओं ने भारत की ओर रूख किया।

29- 1951 की भारतीय जनगणना के अनुसार, विभाजन के बाद 72, 49, 000 हिन्दू और सिख पाकिस्तान छोड़कर भारत आए। जबकि 72, 26, 000 मुसलमान भारत छोड़कर पाकिस्तान गए।

30- 1951 में पाकिस्तान की जनगणना के अनुसार, पाक में हिन्दुओं की संख्या 22 फीसदी थी जबकि अब महज 1.6 फीसदी ही बचे हैं।

31- पूर्वी पाकिस्तान (वर्तमान में बांग्लादेश) और पश्चिमी पाकिस्तान भले ही एक देश के तौर पर अलग हुए थे लेकिन दोनों देशों के बीच 1,700 किलोमीटर की सीमा लगती थी।

32- बंटवारे के तहत ब्रिटिश भारत के बंगाल प्रान्त को दो हिस्सों में बांट दिया गया। इसमें से एक हिस्सा पूर्वी पाकिस्तान (बांग्लादेश) और दूसरा हिस्सा पश्चिम बंगाल राज्य बना।

33- बंटवारे के समय ब्रिटिश भारत से सीलोन (अब श्रीलंका) और बर्मा (अब म्यांमार) को भी अलग किया गया, लेकिन इसे भारत विभाजन में नहीं शामिल किया जाता है।

34- भारत विभाजन के दौरान यह तय हुआ कि भारत के प्रशासनिक तंत्र की चल सम्पत्ति का 80 फीसदी भारत को तथा 20 फीसदी पाकिस्तान को मिलेगा।

35- रेलवे, संस्थानों तथा पुस्तकालयों से लेकर सरकारी कार्यालयों में मौजूद कुर्सियों, टाइपराइटर, झाडू, खूंटी-स्टैंड, दर्पण, साइकिलें, कलमदान, सोफा- सेट और कमोड के लिए भी छीनाझपटी हुई थी।

36-ब्रिटिश वायसराय की बग्गियों का बंटवारा सिक्का उछाल कर किया गया। इस दौरान 6 भारत को और 6 बग्घी पाकिस्तान को मिलीं।

37- चर्चित लेखक डोमिनिक लापियर और लैरी कॉलिन्स के अनुसार, पाकिस्तान ने केवल शराब जैसी चीज पर अपने हिस्से की मांग नहीं की। पाकिस्तान ने शराब लेने से इनकार कर दिया क्योंकि इस्लाम में शराब हराम है।

38- 1945 में भारतीय सेना में 25 लाख सैनिक थे, जुलाई 1947 की शुरूआत में भारतीय सेना के प्रत्येक अधिकारी को एक फार्म दिया गया जिसमें यह बताने को कहा गया था कि वह भारतीय सेना में रहेगा या पाकिस्तानी सेना में जाना चाहेगा।

39- विभाजन के बाद मुहम्मद अली जिन्ना ने भारतीय सेना के हिंदू और सिख अफसरों को अपनी फौज में लेने से इनकार कर दिया था।

40- पाकिस्तान ने अंतिम ब्रिटिश वायसराय लॉर्ड माउंटबेटन की जगह मुहम्मद अली जिन्ना को अपने देश का पहला गवर्नर जनरल नियुक्त किया। लियाकत अली खान पाकिस्तान के प्रथम प्रधानमंत्री बने।

41- सन 1948 तक पाकिस्तान में भारत की ही करंसी चलती रही। भारतीय नोटों के ऊपर अलग से स्टांप लगाकर पाकिस्तान लिखा जाता था।

42- पाकिस्तान की राजधानी पहले कराची थी, 1968 में इसे इस्लामाबाद स्थानांतरित कर दिया गया।

43- बंटवारे के वक्त लॉर्ड माउण्टबेटन ने भारत सरकार से पाकिस्तान सरकार को 55 करोड़ रुपए की धनराशि देने का परामर्श दिया।

44- 22 अक्टबूर 1947 को पाकिस्तान ने कश्मीर पर आक्रमण कर दिया लिहाजा भारत सरकार ने 55 करोड़ की धनराशि नहीं देने का निर्णय लिया परन्तु महात्मा गांधी के आमरण अनशन करने पर पाकिस्तान को यह रकम दे दी गई।

45-एनसायक्लोपीडिया ऑफ ब्रिटेनिका के दो हिस्से किए गए और इसे हिंदुस्तान और पाकिस्तान में बांट दिया गया।

46- भारत विभाजन पर आधारित चर्चित उपन्यास और कहानियों के नाम ;  झूठा सच-यशपाल, तमस-भीष्म साहनी, पिंजर-अमृता प्रीतम,  ट्रेन टू पाकिस्तान-खुशवंत सिंह, मिडनाइट्स चिल्ड्रन- सलमान रुश्दी।

47- भारत विभाजन से जुड़ी चर्चित किताबें: भारत विभाजन के गुनहगार- डॉ.राममनोहर लोहिया, भारत विभाजन-सरदार वल्लभभाई पटेल, पाकिस्तान अथवा भारत विभाजन- डॉ. भीमराव अम्बेडकर, भारत: गांधी के बाद-रामचन्द्र गुहा, भारत विभाजन और पाकिस्तान के षडयंत्र- बलबीर दत्त।

48- पड़ोसी देश नेपाल जो 1816 में भारत से अलग हो गया था। भूटान को अंग्रेजों ने 1907 में भारत से अलग कर दिया था।

49- अफगानिस्तान जो भारत से 1919 में टूटकर अलग हुआ था।

50- अखण्ड भारत के कई टुकड़े हुए जिससे बांग्लादेश, भूटान, भारत, मालदीव, म्यान्मार, नेपाल, पाकिस्तान, श्रीलंका और तिब्बत जैसे नए देश बने।

इसे भी पढ़ें : भारत के इतिहास-भूगोल से अनभिज्ञ इस शख्स ने खींची थी भारत-पाक के बीच सीमा रेखा

इसे भी पढ़ें: भगत सिंह की फांसी से जुड़े इन 25 महत्वपूर्ण तथ्यों को जानकर हैरान रह जाएंगे आप